यूपी में 24 आईपीएस के तबादले हुए और आईपीएस के प्रमोशन के बाद से ही तबादला लिस्ट का इंतजार किया जा रहा था । लिस्ट तैयार थी और मुख्यमंत्री के साइन होने बाकी थे । आख़िरकार कल देर रात तबादले हो गए । कौन कहाँ गया ये तो सभी जान चुके हैं लेकिन इन तबादलों को लेकर नवाबों की नगरी में चर्चाओं को बाजार गर्म है ।
चर्चा है कि अयोध्या के आईजी प्रवीण कुमार जब एडीजी बने तो उनका हटना तय था । अब प्रवीण कुमार एडीजी लखनऊ जोन हो गए हैं । एडीजी लखनऊ जोन बहुत महत्वपूर्ण पोस्ट मानी जाती है…विक्रमादित्य मार्ग पर दफ्तर है….वो भी सपा मुख्यालय के बगल में ! प्रवीण कुमार लखनऊ के एसएसपी भी रहे हैं और बेहद सुलझे हुए आईपीएस अफसर बताये जाते हैं । संवेदनशील हैं,कवि हृदय हैं, कविताएं लिखते हैं और किताबें भी छप चुकी हैं । अब तक सेंगर साहब यहाँ की व्यवस्था संभाल रहे थे । उनके बारे में चर्चा है कि उनके लखनऊ आने के बाद से लखनऊ बहुत कमजोर हुआ । लॉ एंड आर्डर में भी कुछ संभल नहीं रहा था । जाहिर है कि अब सेंगर साहब की जगह आईपीएस प्रवीण कमान संभालेंगे और अपने “जलवे” दिखाएंगे ।
लखनऊ जोन के एडीजी सुजीत पांडे प्रमोशन की पिछली लिस्ट में एडीजी से डीजी पर प्रमोट हो गए तो उनका जाना तय माना जा रहा था । तबादला लिस्ट में उन्हें अग्निशमन एवं आपात सेवाओं का डीजी बनाया गया है । वैसे आईपीएस तो बहुत हैं लेकिन कुछ प्रमुख आईपीएस के नाम का जिक्र यहां पर होना जरूरी है ।
मसलन गोरखपुर के एसएसपी राजकरन नैय्यर ! मुख्यमंत्री जी के क्षेत्र के हैं ! प्रमोशन हुआ, डीआईजी बने तो गाजियाबाद भेजे गए हैं, अपर पुलिस आयुक्त बनाकर ! मुझे ऐसा लगता है कि शायद सीएम साहब की कोई नाराजगी रही होगी… इसीलिए कहा जा सकता है कि नैय्यर साहब को उनकी योग्यता के अनुसार कुर्सी नहीं मिली ! जबकि नैय्यर साहब एक बेहद सुलझे हुए सजग अधिकारी माने जाते हैं ।
आईपीएस सोमेन बरमा ! मिर्जापुर में दुर्गा पूजा पंडाल में इनको बहुतों ने “धुनुची नृत्य” करते हुए देखा होगा ! प्रमोशन हुआ और डीआईजी बने अब अयोध्या परिक्षेत्र की जिम्मेदारी मिली है । हालांकि अब वहां पर सार्वजनिक मंच पर ज्यादा “गर्दा” उड़ाना संभव नहीं हो पायेगा ।
किस-किसकी रंगबाजी चली गई..
आईपीएस आशीष तिवारी, सहारनपुर के एसएसपी थे ! प्रमोशन के बाद अब तकनीकी सेवाओं के डीआईजी होंगे । अब तकनीकी कौशल दिखाने का इससे बढ़िया मौका और कहाँ मिलेगा ?
आईपीएस अभिषेक यादव ! पीलीभीत के एसपी थे और मुख्यमंत्री जी के साथ बहुत सी फोटो खिंचवाई थी लेकिन फ़ोटो काम नहीं आई । प्रमोशन हुआ तो डीआईजी बने और जिला छिन गया ! अब एटीएस में डीआईजी होंगे यानि आकाओं के इशारे पर काम करेंगे
आईपीएस विपिन टाडा…मेरठ के एसएसपी थे औऱ अब कानपुर में जेसीपी होंगे ! संदेश साफ है कि “कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे” !
आईपीएस आशीष तिवारी सहारनपुर के एसपी थे और अब डीआईजी हो गए हैं । अब तकनीकी सेवाएं देखेंगे ! मतलब कंप्यूटर, इंटरनेट, साइबर ! इससे आगे के जानकार निकले तो डीपफेक, डार्क नेट आदि आदि भी हैंडल करने लगेंगे ।
आईपीएस संकल्प शर्मा खीरी के एसपी थे और अब कानपुर कमिश्नरेट में जेसीपी होंगे ।
अब जानिए किसकी लॉटरी लगी..
आईपीएस ख्याति गर्ग मुरादाबाद पीएसी में सेनानायक थीं ! अब उनको खीरी का एसपी बनाया गया है । बहुत महत्वपूर्ण जिला है । जैसे उनके तेवर हैं, देखकर लगता है कि संभाल लेंगी ।
आईपीएस चारू निगम बेबाक आईपीएस हैं ! किसी को सेंटती नहीं ! विधायक-मंत्री उनके दफ्तर में घुसने से पहले तीन बार जरूर सोचते हैं ! कई जिलों में जबरदस्त परफॉर्मेन्स दिखाई । बीच में जब सरकार को हजम नहीं हुआ तो गाजियाबाद 47वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक बनाकर साइड लाइन लगा दिया गया । अब सुल्तानपुर की एसपी बनाई गई हैं । उम्मीद है कि किसी भी गलत दबाव को मानने से इंकार कर सकने की हिम्मत रखने वाली मैडम का जलवा यहां भी बदस्तूर जारी रहेगा ।
इसी तरह आईपीएस अविनाश पांडेय, एसएसएफ 01वीं वाहिनी के सेनानायक को एसएसपी मेरठ बनाया गया है । माना जा रहा है कि पांडे जी बहुत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है ।
आईपीएस रवि कुमार, 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर के सेनानायक को रायबरेली का एसपी बनाया गया है । रायबरेली सरकार के लिए बहुत महत्वपूर्ण जिला है ।
आईपीएस सुकीर्ति माधव जो इंटेलिजेंस आगरा के एसपी थे, उन्हें पीलीभीत का एसपी बनाया गया है ।
वाराणसी कमिश्नरेट में तैनात आईपीएस सर्वानंद टी को अमेठी का एसपी बनाया गया है. 2027 में चुनाव है और अमेठी पर ध्यान देना बहुत जरूरी है ।
संभल की एएसपी अनुकृति शर्मा को इसी पद पर नोएडा भेजा गया है । अनुकृति शर्मा के बारे में जितना कहा जाए उतना कम है । नासा में नौकरी लगी तो छोड़ दी । वर्दी का जुनून था तो आईपीएस बन गईं । संभल में बीमा के एक ऐसे सनसनीखेज़ रैकेट का खुलासा किया जिसने हड़कंप मचा दिया ।
बाकी और भी आईपीएस हैं जिनकी जिम्मेदारियां बदली हैं लेकिन यहां बताने लायक नहीं हैं । अब सबकी बातें हम से ही सुनोगे और कल को जाकर हमारी चुगली भी करोगे कि “फलनवा” लिखा है !

